राजधानी निवासियों में प्रॉपर्टी टैक्स जाम कराने में छूट लेने के लिए मारामारी मची हुई है, लेकिन उनको इस मामले में चारों ओर भागदौड़ के बावजूद सफलता नहीं मिल रही है, क्योंकि तीनों नगर निगम की वेबसाइट अधिक लोड के चलते ठप हो गई है।
वेबसाइट दुरुस्त नहीं होने की स्थिति में लोग छूट से वंचित रह जाएंगे। दरअसल, छूट की अवधि खत्म होने में केवल एक ही दिन शेष बचा है। डीएमसी एक्ट के तहत एक अप्रैल से 30 जून तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर 15 प्रतिशत छूट का प्रावधान है।
इसके अलावा तीन नगर निगम आनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने वालों को अतिरिक्त छूट देती है। इसके चलते लोग अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने में रुचि लेते हैं, क्योंकि उन्हें छूट मिलने के साथ-साथ लाइनों में भी नहीं लगना पड़ता है। उधर, नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग के कार्यालय में आने वाले लोगों का भी टैक्स साधारण प्रक्रिया के बजाए आनलाइन जमा कराया जाता है।
प्रॉपर्टी टैक्स पर छूट खत्म होने की तिथि नजदीक आने के कारण लोगों में टैक्स जमा कराने के लिए मारामारी मची हुई। क्योंकि आमतौर पर लोग छूट खत्म होने की तिथि नजदीक आने के बाद ही प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए दौड़ते हैं।
मगर तीनों नगर निगम की वेबसाइट ज्यादा लोड नहीं ले पा रही है और वह पिछले कई दिनों से बार-बार ठप हो रही है। वेबसाइट ने शुक्रवार को तो लोगों को कुछ ज्यादा ही परेशान किया।
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी श्याम सुमन बताते हैं कि वह सुबह आनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए साइबर कैफे पर पहुंचे, लेकिन शाम तक उनका टैक्स जमा नहीं हो पाया।
दक्षिण दिल्ली नगर निगम के द्वारका में रहने वाली आरती के अनुसार वह सुबह से लेकर शाम तक आनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की कसरत करती रही, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
इसके अलावा उत्तरी और दक्षिण दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय सिविक सेंटर में कई कर्मचारी अपने रिश्तेदारों का आनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने में जुटे रहे। आम लोगों की भांति वह भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कर पाए।