सेक्टर 15 मेट्रो स्टेशन पर बुधवार रात शराब के नशे में एक युवती ने जमकर हंगामा किया। सीआईएसएफ कर्मियों से अभद्रता करने पर महिला सुरक्षा कर्मियों ने उसे काबू कर स्टेशन से नीचे उतार दिया। सेक्टर 20 पुलिस ने युवती को सेक्टर 16 स्टेशन पहुंचाया, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा के एक कंपनी में काम करने वाली युवती नशे में मेट्रो स्टेशन पहुंची। उसका घर दिल्ली में है। वह मेट्रो का इंतजार कर रही थी। नशे में होने की वजह से वह झूम रही थी। बल के कर्मियों ने किसी अनहोनी की आशंका की वजह से उसे मेट्रो में चढ़ने नहीं दिया।
रोके जाने पर युवती का पारा चढ़ गया और उसने गाली गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर महिला सुरक्षाकर्मी पहुंची और युवती को काबू कर उसे नीचे उतार दिया। युवती ने वहां भी मेट्रो सुरक्षाकर्मियों को गाली दी। हालांकि, गोल चक्कर चौकी इंचार्ज ने युवती को रिक्शे पर बिठाया और पीछे पीसीआर भेजी।
सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन पहुंचकर वह दिल्ली के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने बताया कि साआईएसएफ कर्मियों ने उसे नशे में झूमने की वजह से मेट्रो में जाने से रोका था। उन्हें आशंका थी कि वह नशे में कहीं गिर ना जाए या फिर उसके साथ कोई हादसा हो। आशंका थी कि वो कहीं मेट्रो के सामने ना कूद जाए।