साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र की एलाना मीट फैक्ट्री में मंगलवार को अमोनिया गैस रिसाव में प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद जीएम और एचआर मैनेजर के खिलाफ बुधवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई।
मामले में जल्द ही पुलिस जीएम और एचआर मैनेजर की गिरफ्तारी कर सकती है। दोनों के खिलाफ लापरवाही और कारखाना अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलवार को एलाना मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस के रिसाव की चपेट में आने से 5 महिलाकर्मी बेहोश हो गई थीं। दो महिलाकर्मियों को आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
एसएचओ लिंक रोड राशिद अली ने बताया कि शुुरुआती जांच में प्रबंधन की लापरवाही सामने आई थी। इसके बाद जीएम अयाज सिद्दिकी और एचआर मैनेजर जेएच खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के बाद ही दोनों की गिरफ्तारी की जाएगी। एसएचओ ने बताया कि घटना के बाद जीएम ने मॉक ड्रिल की बात कही है, लेकिन इसकी सूचना न तो पुलिस को और न ही प्रशासन को दी गई। ऐसे में साफ है कि घटना के बाद प्रबंधन की ओर से झूठ बोला गया।
महिलाकर्मियों की हालत खतरे से बाहर
अमोनिया गैस रिसाव हादसे में हताहत सभी महिलाकर्मियों की हालत अब खतरे से बाहर है। बुधवार दोपहर को सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आईसीयू में भर्ती दो महिलाकर्मियों को मंगलवार देर रात वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
मीट फैक्ट्री का निरीक्षण किया
घटना के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बुधवार सुबह एलाना मीट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। टीम ने साफ किया कि प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है। वॉल्व से लीकेज हुआ। इसी वजह से घटना हुई।
पीसीबी के रीजनल मैनेजर पारसनाथ ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जा रही है। जल्द ही फैक्ट्री को भी मामले में नोटिस जारी किया जाएगा।