दिल्ली के बेहद नजदीक सस्ता घर लेने की सोच रहे लोगाें का सपना आवास विकास परिषद पूरा करने जा रहा है। परिषद अपनी अजंतापुरम योजना में जल्द ही दो हजार सस्ते आशियाने लांच करने जा रहा है। एक माह में योजना का ले-आउट पास होते ही दो हजार फ्लैटों की स्कीम लांच कर दी जाएगी।
आवास विकास परिषद की करीब 285 एकड़ की अजंतापुरम योजना पिछले करीब तीन साल से किसान-परिषद के विवाद में अटकी हुई थी। परिषद अधिकारियों का कहना है कि योजना का ट्रांसपोर्ट ले-आउट प्लान तैयार कर लिया गया है।
जल्द ही शेष ले-आउट भी पास हो जाएगा। इसके एक माह में पास होने की उम्मीद है। इसके बाद तुरंत दो हजार फ्लैटों की योजना लांच की जाएगी।
आवास आयुक्त एमकेएस सुंदरम ने बताया कि योजना का ट्रांसपोर्ट ले-आउट पास हो चुका है। मुख्यालय से बाकी ले-आउट पास होते ही योजना को लांच किया जाएगा।
किसानों का मुआवजा हुआ घोषित
योजना में देरी का सबसे बड़ा कारण किसानों का मुआवजा था। अधिकारियों के अनुसार परिषद की ओर से मुआवजे की राशि प्रशासन को दे दी गई है। परिषद के पूर्व संयुक्त आयुक्त के डीएम बनने के बाद अब जल्द ही मुआवजा बांटे जाने की उम्मीद है।
दो हजार सोसायटीज के परिवारों को भी मिलेगा आशियाना
करीब 15 साल से अपनी जमीन का इंतजार कर रहे सोसायटीज के लोगों को भी आशियाना मिल सकेगा। 12 सोसायटीज के करीब दो हजार परिवारों की जमीन योजना के विवाद में अटकी है। इस पर भी लोग मकान बना सकेंगे। हालांकि, परिषद फ्लैट बनाकर देने की भी योजना बना रहा है।