अजनारा और सुपरटेक बिल्डर पर नोएडा प्राधिकरण ने 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। लगातार निर्देशों के बाद भी बिल्डर निर्माणाधीन प्रोजेक्ट पर नियमों की अनदेखी करते हुए धूल उड़ा रहे थे। वहीं, 18 बिल्डरों को प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया है। शहर में बढ़ते जा रहे प्रदूषण से लोगों की जान आफत में है। स्मॉग की एक वजह धूल भी है, जो निर्माणाधीन स्थलों से हवा में मौजूद नमी में जाकर मिल रही है।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ पीके अग्रवाल ने बिल्डरों को निर्देश जारी किया था कि प्रोजेक्टों को कवर करें और धूल न उड़े इसके लिए पानी का छिड़काव करते रहें। बिल्डरों ने इसकी अनदेखी जारी रखी। रविवार को पीके अग्रवाल और डीसीईओ सौम्य श्रीवास्तव टीम के साथ शहर के जायजे के लिए निकले। डीसीईओ ने बताया कि सेक्टर-74 अजनारा और सुपरटेक बिल्डर के प्रोजेक्ट में निर्देशों का उल्लंघन पाया। ऐसे में दोनों बिल्डरों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इसी क्रम में 18 बिल्डरों को नोटिस जारी किया गया है। जमीन से संबंधित कार्य जिसमें खनन, बेसमेंट की खुदाई आदि पर सात दिन के लिए रोक लगा दी गई है। हॉट मिक्स प्लांट भी सात दिन तक नहीं चलेंगे। निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना और अन्य संभव कार्रवाई की जाएगी।