नई दिल्ली।
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की प्लेन क्रैश में हुई मौत को लेकर राजनीति गरमा गई है। शनिवार को एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने दिल्ली में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर इस मामले की निष्पक्ष जांच में सहयोग मांगा। आप ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए आगामी संसद सत्र में उठाने का दावा किया है।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि अजीत पवार अपनी पार्टी का शरद पवार गुट के साथ विलय करने वाले थे, जिससे उनकी हत्या की साजिश की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने तकनीकी पहलुओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि हैरानी की बात है कि इस हादसे में ब्लैक बॉक्स में खराबी की बात कही जा रही है, जो आमतौर पर सुरक्षित रहता है। वहीं, रोहित पवार ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है और सीआईडी जांच की गति भी बेहद धीमी है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के दलों से एकजुट होकर न्याय की मांग करने की अपील की।