नवनियुक्त अध्यक्ष अजय माकन ने रविवार को दिल्ली कांग्रेस की कुर्सी संभाल ली। कुर्सी संभालने के बाद माकन ने कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम में भाजपा और आम आदमी पार्टी पर खूब हमले किए। अरविंद केजरीवाल को वादे से भागने की कोशिश वाला व्यक्ति बताया तो भाजपा को भारतीय जुमला पार्टी करार दिया। माकन ने कार्यक्रम में कांग्रेस के लिए एक तरफ सत्यमेव जयते और दूसरी तरफ केवल सत्य ही बोलेंगे लिखी टोपी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पहनाई।
अजय माकन ने कहा कि झूठे वादे करने वाले और जुमला देने वाले बढ़े हैं। ऐसे में कांग्रेस की नई टोपी सच्चाई की याद दिलाएगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये, एक सैनिक की मौत के बदले 10 सैनिक मारने और न खाऊंगा और न खाने दूंगा की बात भी जुमले जैसी है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया यात्रा और चीनी प्रधानमंत्री के आगमन पर एकसाथ झूला झूलने पर भारतीय प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया। बॉर्डर पर सैनिक शहीद होने और कार्रवाई नहीं करने पर भी सवाल उठाए।
वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अजय माकन ने सलाह दी कि वादे से भागने की कोशिश न करें। कोई विभाग नहीं रखा और अब स्वास्थ्य लाभ को बंगलूरू गए। जब भाजपा ने घोषणापत्र में पूर्ण राज्य का वादा नहीं किया तो वह कैसे देंगे? कांग्रेस कार्यकाल में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानी नहीं दिया तो अब भाजपा कहां से देगी? यह भी कहा कि खुद को आम आदमी कहने वाली पार्टी अपनी मीटिंग रिसॉर्ट में कर रही है।
कार्यकर्ता को देंगे ताकत
अजय माकन ने कहा कि 14 महीने में कांग्रेस तीन चुनाव हारी। कार्यकर्ताओं के बल पर चुनौती स्वीकारेंगे। हम केजरीवाल को सलाह देंगे तो सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। वहीं कार्यकर्ताओं ने कहा कि 1998 की दिल्ली की याद नई पीढ़ी को दिलानी पड़ेगी। कांग्रेेस ने दिल्ली कैसे बदली, यह भी बताना होगा। हरिवंश राय बच्चन की कविता के साथ कहा कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
---
शीला दीक्षित नहीं दे सकीं भाषण
पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित अजय माकन पदभार वाले कार्यक्रम में पहुंचीं, लेकिन मंच पर भीड़ में पीछे हो गईं और कार्यकर्ताओं के बीच भाषण नहीं दे सकीं। तमाम वरिष्ठ नेताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए माकन ने घर जाकर आमंत्रित किया था। अजय माकन ने चार्ज संभाला तो केंद्रीय नेतृत्व से कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा आए और प्रभारी पीसी चाको का संदेश मिला। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस से जुड़े तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
----
काफी समय बाद दफ्तर पर हुई आतिशबाजी
दिल्ली में कांग्रेस की बुरी गत के बीच रविवार को आतिशबाजी देखने को मिली। अजय माकन ने कार्यभार संभाला तो उनका स्वागत भी धूमधाम से किया गया। बड़ी माला पहनाई गई तो मेन गेट पर काफी समय तक आतिशबाजी की गई। कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए सदस्यों को बसों दी गई थीं। कार्यक्रम का नाम विधानसभा चुनाव में कार्य करने के लिए कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह रखा गया था।