पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। ठंडी हवाओं और बर्फबारी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है। कई राज्यों में जहां घना कोहरा छाया हुआ है वहीं धुंध से कम दृश्यता होने के कारण मंगलवार सुबह से राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई जिससे 80 उड़ानों में देरी हुई। 11 घंटे के लिए दो विमानों को निरस्त कर दिया गया जबकि 84 विमानों के मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया।
सोमवार को 600 में 80 से अधिक ट्रेनें प्रभावित
हिमाचल, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। उत्तर रेलवे जोन की 600 में 80 से अधिक ट्रेनें सोमवार को प्रभावित हुईं। इनमें ज्यादातर 3 से 6 घंटे की देरी से चलीं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 दिसंबर से दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से भी कम रह सकता है।
सोमवार को यूपी के मुजफ्फरनगर में 0.1 डिग्री रहा पारा
सोमवार को मैदानी क्षेत्र में सबसे कम तापमान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। शीत लहर व पाले के कारण दिल्ली का तापमान शिमला ही नहीं धर्मशाला से भी कम चल रहा है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6 व 7 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। जबकि धर्मशाला में यह 5 व 6 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। रांची में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस, राजस्थान में 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में एक सप्ताह से लगातार गिर रहे न्यूनतम तापमान के साथ ही अब अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे आ गया। कारगिल में न्यूनतम तापमान माइनस 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तराखंड में मौसम ने रविवार को कुछ राहत दी। बावजूद इसके उत्तराखंड के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है।