उड़ान-4.0 के तहत छोटे और महत्वपूर्ण शहरों को विमान सेवा के जरिए जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने 78 नए रूट जारी किए हैं। इसमें दिल्ली से बरेली के अलावा , चित्रकूट से वाराणसी, चित्रकूट से प्रयागराज, श्रावस्ती से वाराणसी और श्रावस्ती से प्रयागराज की उड़ानें होंगी।
वहीं, कानपुर को चुत्रकूट, बौद्ध और जैन तीर्थस्थल श्रावस्ती, पीतल नगरी मुरादाबाद और ताला नगरी अलीगढ़ से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा हिसार से चंडीगढ़, देहरादून और धर्मशाला की उड़ानें होंगी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने खास तौर पर पूर्वोत्तर के राज्यों में हवाई नेटवर्क को बढ़ावा देने के साथ ही अलग-अलग प्रदेशों में अंतरजनपदीय विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है।
कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट के विस्तार होने और टर्मिनल बनने के बाद इन चार शहरों के लिए सेवा शुरू होगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की अनुमति व अन्य प्रक्रिया के बाद इस सेवा की शुरुआत होगी।
विदेश जाने के लिए मंत्रालय को आवेदन देने की जरूरत नहीं
विदेश जाने वालों को अब उड्डयन मंत्रालय के पास आवेदन करने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सीधे विमानन कंपनी के पास बुकिंग कराई जा सकती है। उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार को ट्विटर पर एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
वंदे भारत मिशन और एयर ट्रांसपोर्ट बबल व्यवस्था के तहत काम करने वाली सभी विमानन कंपनियों को नामित किया है। यात्री सीधे इन संबंधित विमानन कंपनियों से बुकिंग करा सकते हैं।