आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता और खराब होने का अंदेशा जताते हुए पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण अथॉरिटी (ईपीसीए) ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार से उन थर्मल पावर प्लांट को बंद करने को तैयार रहने को लेकर पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है कि जो थर्मल प्लांट साल 2015 में तय किए मानकों को पूरा नहीं करते उन्हें प्रदूषण बढ़ने पर बंद किया जाएगा।
ईपीसीए अध्यक्ष भूरे लाल ने सोमवार को हरियाणा व यूपी सरकार को पत्र लिखकर थर्मल पावर प्लांट के बंद करने की तैयारियों की समीक्षा करने और सर्दी में आवश्यक शटडाउन सुनिश्चित करने को उठाए जाने वाले कदमों से अवगत कराने को कहा है।
भूरेलाल ने बताया, हमने पत्र में स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर हम मानकों को पूरा नहीं करने वाले थर्मल पावर प्लांट को बंद करने का निर्देश दे सकते हैं।
दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में उन्होंने हरियाणा के पांच और उत्तर प्रदेश के तीन पावर प्लांट और उनके 2015 के मानकों को पूरा करने के स्टेटस का जिक्र किया है। पत्र में कहा गया है कि भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हवाओं में कमी आएगी और तापमान में भी गिरावट होगी। ये परिस्थितियां स्थानीय प्रदूषण और पराली जलाने के प्रभाव को बढ़ाएंगी। लिहाजा अतिरिक्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।