दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता की स्थिति लगातार चौथे दिन गुरुवार को भी बहुत खराब बनी रही। यूपी में गाजियाबाद व हापुड़ की हवा जहां गंभीर श्रेणी में रिकॉर्ड की गई, वहीं, दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बरकरार रही।
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग (सफर) के मुताबिक रविवार तक तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। ऐसे में दिल्ली के वायु गुणवत्ता की स्थिति अगले दो दिन में और बिगड़ सकती है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के जरिए बृहस्पतिवार को जारी 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रिपोर्ट के मुताबिक गाजियाबाद और हापुड़ का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में क्रमश: 404 और 402 रहा।
वहीं दिल्ली का एक्यूआई 358, फरीदाबाद का एक्यूआई 338, नोएडा का एक्यूआई स्तर 366, ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 375 यानी बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया।