नवंबर महीना शहर में ठंड और प्रदूषण लेकर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के शुरुआती दिनों के साथ धीरे-धीरे शहर के तापमान में कमी आएगी। खासकर सुबह और शाम के समय हल्की ठंड रहेगी। वहीं, दोपहर में तापमान सामान्य रहेगा। इस समय हवा का बहाव ज्यादा तेज नहीं रहने का अनुमान है। धीमी गति से बहने वाली हवाओं के कारण प्रदूषण से राहत की संभावना नहीं के बराबर है। ऐसे में स्मॉग से शहरवासियों की परेशानी बढ़ सकती है। साथ ही साथ हवाओं का रुख भी प्रदूषण में सहायक बनेगा। 3-4 नवंबर तक यही हाल बना रहेगा।
धूप निकलने के बाद सुुबह की सैर पर निकलें
शहर की हवा में बढ़ता प्रदूषण बीमार लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए डॉक्टरों ने सांस के रोगियों के साथ-साथ थायराइड, मोटापा, हाइपरटेंशन आदि के मरीजों को सुबह की सैर के लिए मना कर रहे हैं। सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि फिलहाल प्रदूषण कि स्थिति को देखते हुए सुबह की सैर ठीक नहीं है। यदि सैर करते हैं तो थोड़ा धूप निकलने के बाद करें। क्योंकि स्मॉग में सैर करना सेहत के लिए नुकसानदायक है। इस समय सांस के रोगियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। हम उन्हें जागरूक करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। अस्थमा के मरीज अपनी दवाइयां समय से लें। पंप का प्रयोग करने वाले मरीज पंप आसपास ही रखें। साथ ही घर की खिड़की , दरवाजे बंद रखें। ज्यादा जरूरी न होने पर घर से बाहर ना जाएं। स्वास्थ्य विभाग इस संबंध में पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुका है।