एक्यूआई 153 के साथ मध्यम श्रेणी में रही वायु गुणवत्ता, पिछले साल के मुकाबले 139 अंकों का सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली में 25 अक्तूबर को वायु गुणवत्ता पिछले 12 वर्षों में दूसरी सबसे बेहतर रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 153 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। इससे पहले 2021 में इसी तारीख को एक्यूआई 82 रहा था, जो संतोषजनक श्रेणी में था।
इस साल हवा की गुणवत्ता पिछले वर्षों के मुकाबले बेहतर रही। 25 अक्तूबर 2025 को एक्यूआई 292 था। इस तरह एक साल में 139 अंकों का सुधार दर्ज किया गया। वर्ष 2024 में एक्यूआई 270, 2023 में 243 और 2022 में 302 रहा था। वहीं, 2020 में यह 349 तक पहुंच गया था, जो इन वर्षों में सबसे अधिक है।
2021 के बाद पहली बार मध्यम श्रेणी में हवा
वर्ष 2015 से 2025 के बीच 25 अक्तूबर को दिल्ली की हवा ज्यादातर खराब या बहुत खराब श्रेणी में रही। वर्ष 2015 में एक्यूआई 310, 2016 में 210, 2017 में 344, 2018 में 331 और 2019 में 284 दर्ज किया गया था। इसके बाद 2020 में यह 349 रहा, जबकि 2021 में गिरकर 82 पर आ गया। वर्ष 2022 से 2025 तक एक्यूआई 243 से 302 के बीच रहा। इस साल 153 के स्तर के साथ हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
पीएम 10 प्रमुख प्रदूषक
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, इस साल 25 अक्तूबर को पीएम 10 प्रमुख प्रदूषक रहा। पिछले वर्षों में पीएम 2.5 और पीएम 10 दोनों प्रमुख प्रदूषकों के रूप में दर्ज किए गए हैं।