जागृति मिश्रा से पूछा, एफआईआर कराना चाहती हैं, सहमति पर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
पशु आश्रय स्थल के लिए पांच लाख रुपये की मदद का आश्वासन, डीएम को सहायता देने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
कंझावला के निजामपुर गांव में पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा के परिसर में तोड़फोड़ की घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने जागृति मिश्रा से पूछा कि क्या वह घटना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना चाहती हैं। उनके सहमति जताने पर मुख्यमंत्री ने पुलिस उपायुक्त को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और महिला की सुरक्षा के बंदोबस्त करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्पीड़न और अधिकारों के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी। मौके पर मौजूद अधिकारियों को महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। जागृति मिश्रा की ओर से पशुओं के लिए आश्रय स्थल स्थापित करने के प्रयासों में भी सरकार सहायता करेगी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आश्रय स्थल की स्थापना में हरसंभव सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। दौरे में मुख्यमंत्री ने गांव के स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।