दिल्ली से रांची जाने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को वापस दिल्ली भेज दिया गया। विमान को बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर शाम 6:20 बजे उतरना था, लेकिन तकनीकी खामी का संदेह होने पर उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया।
विज्ञापन
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता की ओर से कहा गया कि ' सोमवार को हमारे एक विमान में तकनीकी समस्या के संदेह पर उसे वापस दिल्ली लैंड कराया गया। निरीक्षण और मंजूरी के बाद विमान ने निर्धारित परिचालन जारी रखा।'
हांगकांग से भी लौटी एयर इंडिया की फ्लाइट
इससे पहले आज ही हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान में ही तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद वापस अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित यह फ्लाइट AI315 हांगकांग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल भारत में एयर इंडिया की तरफ से किया जा रहा है। 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में ऐसा ही एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान विमान में सवार 242 लोगों में 241 लोगों की मौत हो गई थी।