फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआरः वायुसेना दिवस आज, कई जगह डायवर्जन, सुबह रूट देखकर घर से निकलें

Thu, 08 Oct 2020 05:37 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, साहिबाबाद

सार

  • रूट डायवर्जन के चलते जाम का करना पड़ सकता है सामना 
  • एलिवेटेड रोड सिर्फ वीवीआईपी के लिए खोली जाएगी
  • मुख्य चौराहे समेत कई जगह पर पुलिस और सेना के जवान रहेंगे तैनात 
विज्ञापन
air force day - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वायुसेना दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ सकता है। सुबह छह बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक एलिवेटेड रोड समेत वजीराबाद और जीटी रोड पर डायवर्जन रहेगा। इस दौरान एलिवेटेड रोड को वायुसेना दिवस में हिस्सा लेने आ रहे वीवीआईपी के लिए ही खोला जाएगा। इसके साथ ही एयरफोर्स स्टेशन के सामने से भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यातायात संभालने के लिए सुबह से ही पुलिस कर्मी, वायुसेना के जवान और सिविल डिफेंस के वॉलंटियर तैनात रहेंगे। 

विज्ञापन


इस बार कोरोना के कारण वायुसेना दिवस कार्यक्रम में काफी कम लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके बावजूद करीब तीन हजार लोगों की भीड़ कार्यक्रम में रहेगी। इनमें कई वीवीआईपी भी शामिल होंगे। वायुसेना दिवस के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस की तरफ से रूट डायवर्जन किया गया है। सुबह छह बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। इस दौरान मोहननगर से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। भोपुरा तिराहे से आने वाले वाहनों को करन गेट गोल चक्कर से बीकानेर कट होते हुए जीटी रोड से मोहननगर निकाला जाएगा। 

लाजपत नगर कट से भी वाहनों को वाया करन गेट गोल चक्कर से जीटी रोड होते हुए मोहननगर की ओर निकाला जाएगा। गाजियाबाद की ओर से आने वाला यातायात भी जीटी रोड होते हुए बीकानेर गोलचक्कर से जाएगा। एएलटी चौराहे से बड़े वाहन राजनगर एक्सटेंशन चौराहे तक नहीं जा सकेंगे। टीला मोड़ थाने के आगे भोपुरा की तरफ बड़े मालवाहक वाहनों की नो एंट्री रहेगी। करहेड़ा तिराहे की तरफ से कोई भी वाहन नागद्वार या हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की तरफ नहीं जा सकेगा।
विज्ञापन


सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक चौबंद
एयरफोर्स डे पर सुरक्षा को लेकर स्थानीय पुलिस और वायुसेना के अधिकारियों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा दो घेरों में रहेगी। इसके साथ ही आसपास की बिल्डिंगों पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और चप्पे चप्पे पर निगरानी रखेंगे। यहीं नहीं पुलिस के साथ ही एयरबेस पर कमांडों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बुधवार को वायुसेना के जवानों ने हिंडन एयरबेस के आसपास और अंदर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। 

एलिवेटेड रोड रहेगी बंद 
एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सुबह छह बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक एलिवेटेड रोड को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। यूपीगेट की ओर से दिल्ली से आने वाले वीवीआईपी को ही एलिवेटेड रोड के रास्ते हिंडन एयरबेस में आने दिया जाएगा। अन्य वाहन लिंक रोड और एनएच नौ होकर गंतव्य को जाएंगे। राजनगर एक्सटेंशन रोड पर मेरठ रोड चौराहे से जीटी रोड पर हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन कट तक भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। 

विज्ञापन

राफेल-तेजस के पराक्रम के साक्षी बनेंगे थल, जल और वायु सेनाध्यक्ष

88वें वायुसेना दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को हिंडन वायुसेना स्टेशन में जल, थल और वायुसेना के अध्यक्ष आसमान में गरजते राफेल व तेजस के साक्षी बनेंगे। वायुसेना के इस विशेष दिवस को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चप्पे-चप्पे पर पैराट्रूपर्स और स्पेशल कमांडो की तैनाती होगी। सुबह करीब आठ बजे से जमीन पर निशान टोली तो गगन में अत्याधुनिक युद्धक विमानों का कब्जा रहेगा।

वायुसेना दिवस के दौरान होने वाली परेड देखने के लिए दिल्ली-एनसीआर से वीवीआईपी समेत अन्य अधिकारी हिंडन एयरबेस पहुंचेंगे। सुबह आठ बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। निशान टोली परेड के बाद अतिथियों को सलामी देगी। हालांकि, इस बार रॉयफल वॉरियर्स के ड्रिल टू थ्रिल करतब को लेकर संशय बना हुआ है। 

वायुसेना के जांबाज इसमें 5.5 किग्रा की रॉयफल से करतब  दिखाते हैं। मगर इस बार वायुसेना दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल में इन वॉरियर्स को शामिल नहीं किया गया था। लेकिन आसमान में राफेल की गर्जना देखने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता रहेगी। जबकि सारंग, तेजस, मिग-29, मिराज 2000 और सी-130 हरक्युलिस, अपाचे, चिनूक, जगुआर, जैसे विमान भी अपना करतब दिखाएंगे। तेजस और सारंग के अलावा मिग-29, मिग-35 युद्धक विमान भी आसमान में नजर आएंगे।   

सिविल डिविजन वार्डन एके ठाकुर के मुताबिक 130 वार्डन डयूटी पर लगाए गए हैं। इनमें एयरफोर्स स्टेशन गेट के पास, नागद्वार, करन गेट, करहेड़ा कट, कृष्णा इंजीनियरिंग कालेज कट, लोनी कट और मोहन नगर चौराहा शामिल हैं। महिला टीम भी एयर फोर्स डे परेड पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में लगाई गई है। डिविजनल वार्डन ने बताया कि सिविल डिफेंस की स्पेशल टीम भी लगाई गई है जो कि विशेष निगरानी रखेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें