देश में वायु प्रदूषण की निरंतर बढ़ती समस्या का हल निकालने के लिए एम्स ने दिल्ली आईआईटी के साथ मिलकर संयुक्त पहल की है। इसके तहत मंगलवार यानी आज ‘वायु प्रदूषण और तपेदिक’ विषय पर एक वेबिनार होगा।
विज्ञापन
इस चर्चा के माध्यम से मानव स्वास्थ्य पर वायु प्रदूषण के प्रभाव को कम करने की दिशा में रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही नीति निर्माताओं को वायु प्रदूषण से निपटने के लिए प्रभावी सुझाव भी दिया जाएगा। नई प्रौद्योगिकियों की पहचान और सत्यापन में अंतराल की पहचान करने के लिए निरंतर अनुसंधान का प्रयास भी किया जाएगा।
वेबिनार का उद्देश्य भारत में वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य प्रभाव अनुसंधान पर केंद्रित एक समर्पित नेटवर्क का निर्माण करना है। इसके अलावा वायुमंडलीय रसायन विज्ञान, वायु प्रदूषण माप व मॉडलिंग, महामारी विज्ञान, जैव सांख्यिकी, चिकित्सा, बुनियादी विज्ञान व स्वास्थ्य नीति सहित विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर भारतीय शोधकर्ताओं की टीमों को एक साथ लाना है। इस वेबिनार में दुनिया भर से 150 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।