दिल्ली के उमंग अरोड़ा ने एम्स स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। एम्स ने शनिवार को प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।
एम्स प्रबंधन ने रिजल्ट में उन्हीं उम्मीदवारों की मेरिट जारी की है, जिन्हें परामर्श के लिए चुना गया है। सूची में जिन अभ्यर्थियों का नाम नहीं है, उनका रैंक सोमवार को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
उमंग ने एमबीबीएस की पढ़ाई एम्स दिल्ली से ही की है। जबकि 12वीं कक्षा आरकेपुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पास की है। उमंग के पिता भी डाक्टर हैं। देशभर के सातों एम्स में स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए 18 नवंबर, 2018 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का आयोजन एम्स नई दिल्ली, भोपाल, भुवनेश्वर, जोधपुर, पटना, रायपुर और ऋषिकेश में एमडी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए हुआ था।