- छुट्टियों के दौरान भी सभी विभागों में कम से कम 50 प्रतिशत फैकल्टी सदस्य ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे
-मरीजों की देखभाल, ऑपरेशन, आपातकालीन सेवाएं और ओपीडी सामान्य रूप से चलती रहेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली ने अपने फैकल्टी सदस्यों के लिए गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। छुट्टियां दो चरणों में दी जाएंगी, ताकि मरीजों की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों। एम्स प्रशासन के अनुसार, पहली छुट्टी 16 मई से 14 जून तक और दूसरी छुट्टी 16 जून से 15 जुलाई तक रहेगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के सैकड़ों डॉक्टरों को अवकाश दिया गया है। एम्स प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छुट्टियों के दौरान भी सभी विभागों में कम से कम 50 प्रतिशत फैकल्टी सदस्य ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। इससे मरीजों की देखभाल, ऑपरेशन, आपातकालीन सेवाएं और ओपीडी सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
छुट्टी पाने वाले विभागों में एनेस्थीसिया, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, बाल रोग, हड्डी रोग, रेडियोलॉजी, यूरोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। इसके अलावा कैंसर सेंटर, ट्रॉमा सेंटर और झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के डॉक्टरों को भी छुट्टी मंजूर की गई है। एम्स प्रशासन ने छुट्टी पर जाने वाले डॉक्टरों को अपना संपर्क पता और मोबाइल नंबर जमा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छुट्टी खत्म होने के बाद जॉइनिंग रिपोर्ट देना भी अनिवार्य किया है। कुछ डॉक्टरों के अवकाश आवेदन अभी विचाराधीन है और उनके संबंध में बाद में निर्णय लिया जाएगा।