फरीदाबाद के सेक्टर-25 स्थित एक फैक्ट्री में काम करते वक्त तीन मजदूरों की उंगलियां कटने के मामले में श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शिवचरण लाल शर्मा ने संबंधित ठेकेदार व मालिक को कड़ी फटकार लगाई है।
उन्होंने तीनों पीड़ितों को सहायता राशि दिलवाई, क्योंकि हादसे के बाद फैक्ट्री मालिक ने तीनों को काम से निकाल दिया था। उनका ईएसआई अस्पताल में इलाज चल रहा है।
राजीव कॉलोनी समयपुर रोड निवासी दशरथ, रामबीर व जयसिंह दो साल से सेक्टर-25 स्थित कंपनी संगीता इंडस्ट्रीज में ठेकेदार के अधीन पावर प्रेस पर काम करते थे। दो सप्ताह पहले काम करते वक्त दशरथ का हाथ और रामबीर व जयसिंह का अंगूठा कट गया।
अंगूठा कट जाने की वजह से फैक्ट्री मालिक ने इन्हें काम से निकाल दिया। पीड़ितों को मुआवजा राशि भी देने से भी मना कर दिया। तीनों पीड़ितों ने श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री से गुहार लगाई और मुआवजे की मांग की।
श्रम मंत्री ने सहायक श्रम आयुक्त राजबीर सिंह, कंपनी मालिक सुनील शर्मा और ठेकेदार को बुलवाया। श्रमिकों की हालत को देखते हुए फैक्ट्री मालिक व ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने पीड़ितों को तुरंत 50-50 हजार रुपये मुआवजा राशि दिलाई और उनका वेतन व बोनस आदि देने के निर्देश दिए।
मंत्री ने यह भी कहा कि उक्त श्रमिक ठीक होने के बाद यदि नौकरी पर दोबारा आना चाहते हैं तो उन्हें काम लिया जाए। उन्होंने कहा कि मालिकों और श्रमिकों को आपस में तालमेल बैठाकर कंपनी के हित के लिए काम करना चाहिए।