फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एआई से बदलेगा दिल्ली का गवर्नेंस मॉडल: एलजी तरनजीत सिंह संधू बोले- इंटेलिजेंस आधारित व्यवस्था की जरूरत

Fri, 19 Jun 2026 01:16 PM IST
Vijay Singh Pundir आदित्य पाण्डेय, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एलजी ने कहा कि एआई केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए नागरिक सेवाओं की पहुंच आसान बनाई जा सकती है और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाया जा सकता है।
विज्ञापन
एलजी तरनजीत सिंह संधू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में शासन व्यवस्था को और प्रभावी, तेज और नागरिक केंद्रित बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अहम भूमिका निभा सकता है। दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू ने डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘एआई फॉर गुड गवर्नेंस’ राष्ट्रीय सेमिनार में कहा कि एआई के इस्तेमाल से शासन व्यवस्था प्लेटफॉर्म आधारित मॉडल से आगे बढ़कर इंटेलिजेंस आधारित व्यवस्था में बदल सकती है। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल ऐसा होना चाहिए, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलें, जवाबदेही बढ़े और सरकारी व्यवस्थाएं ज्यादा प्रभावी बन सकें।

विज्ञापन


सरकारी सेवाओं में तेज और बेहतर डिलीवरी की उम्मीद
एलजी ने कहा कि एआई केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि शासन व्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए नागरिक सेवाओं की पहुंच आसान बनाई जा सकती है और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाया जा सकता है। दिल्ली जैसे बड़े शहर में जहां करोड़ों लोग सरकारी सेवाओं से जुड़े हैं, वहां एआई आधारित समाधान शिकायत निवारण, सेवाओं की निगरानी और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मददगार साबित हो सकते हैं।

भारत की विविधता के अनुसार विकसित हो एआई
एलजी ने कहा कि एआई सिस्टम को भारत की भाषाई, सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता को ध्यान में रखकर तैयार करना होगा। केवल सीमित या सरल मॉडल के आधार पर काम करने वाली तकनीक देश की वास्तविक जरूरतों को पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत को अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप स्वदेशी एआई क्षमता विकसित करनी होगी।
विज्ञापन


डेटा सुरक्षा और जनता का भरोसा जरूरी
एलजी ने कहा कि एआई के विस्तार के साथ डेटा प्राइवेसी, पारदर्शिता और नागरिकों का भरोसा बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। तकनीक का इस्तेमाल ऐसा होना चाहिए, जिससे लोगों के अधिकार सुरक्षित रहें और व्यवस्था में विश्वास बढ़े। उन्होंने कहा कि नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत की साझा जिम्मेदारी है कि एआई जैसी तकनीकों का इस्तेमाल जनहित में किया जाए।

विकसित दिल्ली के लिए तकनीक का सहारा
एलजी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एआई सहित नई तकनीकों में अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। इसका उद्देश्य तकनीक को आम लोगों के जीवन को आसान बनाने और देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए इस्तेमाल करना है। उन्होंने कहा कि एआई आधारित समाधान दिल्ली को भविष्य के लिए तैयार शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें