अगस्तावेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर डील में कथित घूसखोरी के आरोपों में घिरे वायु सेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी ने अपना आशियाना साइबर सिटी गुड़गांव में बना रखा है। वह परिवार के साथ यहां के सेक्टर 23ए की कोठी नंबर 4500 में रहते हैं।
सीबीआई द्वारा इस मामले में त्यागी से पूछताछ के लिए उनकी कोठी पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया कर्मियों का आना जाना जारी है। बुधवार को अमर उजाला ने उनके घर के आसपास का जायजा लिया। पेश है संवाददाता जितेंद्र राठी और फोटो जर्नलिस्ट दिनेश कुमार की एक रिपोर्ट।
गेट पर ही पूछा जा रहा है क्या मीडिया से हो
सेक्टर-23ए के मुख्य रोड से घूमते ही पहली गली में अंतिम मकान एसपी त्यागी का है। जब से उन पर और देश के प्रमुख राजनैतिक घराने गांधी परिवार पर हेलीकॉप्टर डील को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं तब से यहां का माहौल बदला हुआ है।
गली के गेट पर नीली वर्दीधारी गार्ड तैनात है, जिसने देखते ही गाड़ी को अंदर लाने से मना कर दिया। गाड़ी सड़क किनारे खड़ी करके उसके पास पहुंचे तो उसने कहा कि मीडिया वाले तो नहीं हो। ना में सिर हिलाते हुए हम सेक्टर के अंदर की इस रोड पर आगे बढ़े। उल्टे हाथ पर आखिरी कोठी एसपी त्यागी की मिली। उसके बाहर एक कार खड़ी हुई थी। आसपास सन्नाटा था।