- 15 अगस्त से एक दिन पहले आए ईमेल से मचा हड़कंप
-बब्बर खालसा के नाम से धमकी भरा ईमेल, दिल्ली पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट को शुक्रवार को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिला। इससे उच्च न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। यह धमकी भरा ईमेल स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हईकोर्ट, लाल किला, दिल्ली मेट्रो, आईजीआई एयरपोर्ट समेत कई जगहों को बम से उड़ाने को लेकर मिला है। धमकी भरे मैसेज में दिल्ली हाईकोर्ट के साथ ही दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में बब्बर खालसा का नाम लिखा है। इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस से की गई है। दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं।
कई सरकारी प्रतिष्ठानों को भी बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल मिले
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईमेल में अपराह्न दो बजकर 11 मिनट पर दिल्ली उच्च न्यायालय में विस्फोट की बात कही गई। वहीं डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में 3 बजकर 11 मिनट पर बम ब्लास्ट की धमकी दी गई है। ईमेल में लिखा है कि दिल्ली बनेगा खालिस्तान, धमकी भरे मैसेज में दिल्ली हाईकोर्ट के साथ ही दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की ओर से इसे अफवाह बताया गया है। सूचना के बाद बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों के दल को उच्च न्यायालय परिसर में तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी में उच्च अलर्ट के बीच शुक्रवार को दिल्ली के कई सरकारी प्रतिष्ठानों को भी बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल मिले जिसके बाद विभिन्न एजेंसियों ने गहन तलाशी और सुरक्षा जांच शुरू की।
15 अगस्त पर बम ब्लास्ट की धमकी : गृह मंत्री अमित शाह और अदालतों को लेकर भी धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया है। वहीं पंजाब के जंडियाला गुरु समेत कई अन्य जगहों का भी जिक्र किया गया है। धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। ई-मेल और इसे भेजने वाले की पहचान की जारी है। 15 अगस्त के मौके पर पांच और जगहों को बम की धमकी भेजी गई है। इनमें दिल्ली हाई कोर्ट के साथ ही जाम नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, साकेत ऑफिस, डीएम दफ्तर, टर्मिनल 3 आईजीआई, एसडीएम दफ्तर दिल्ली कैंट भी शामिल हैं।