दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने स्पा मालिकों से अपनी जान को खतरा बताया है। दिल्ली के पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक को पत्र लिखकर स्वाति मालीवाल ने कहा है कि स्पा मालिकों की ओर से उन्हें व उनके पति को जान से मार देने की धमकियां मिल रही हैं।
स्वाति मालीवाल ने पत्र में लिखा है कि हेल्पलाइन नंबर 181 पर स्पा मालिकों से उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके पति नवीन जयहिंद को व्हाट्स एप पर धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं। उन्होंने इन संदेशों के स्क्रीन शॉट और ऑडियो क्लिप भी भेजे हैं।
मालीवाल का कहना है कि ये संदेश दिखाते हैं कि उनके परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने डराने-धमकाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध पुलिस आयुक्त से किया है।
स्वाति का कहना है कि वह जोश और जुनून के साथ तस्करी और वेश्यावृति के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। मालूम हो कि बीते कुछ दिन में स्वाति मालीवाल ने स्पा सेंटरों में निरीक्षण किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने दो स्पा सेंटरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।