- इंपीरिया एस्फेरा सोसाइटी के लोग भी डर के साये में, अन्य बालकनियों के हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-37सी स्थित इंपीरिया एस्फेरा सोसाइटी फेज-2 के लोग अभी भी डर के साये में रहने को मजबूर हैं। बृहस्पतिवार को सोसाइटी में एक बालकनी गिरने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में अनेक बालकनियों का प्लास्टर पहले से झड़ चुका और उनकी हालत जर्जर हो गई है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने और मेंटेनेंस देने के बाद भी वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। निवासियों ने बिल्डर और प्रशासन से पूरी सोसाइटी का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने, कमजोर बालकनियों की मरम्मत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की है।
सुरक्षा लिए लगाई गई ग्रिल की हालत गंभीर
सोसाइटी के कई बालकनी में सुरक्षा के लिए लगाई गई ग्रिल भी हालत भी खराब है। कई बालकनी में ग्रिल हिलता है। वहीं कई ग्रिलों को पुरी तरह अंदर नहीं लगाई गई है। इससे लोगों में ग्रिल कभी भी गिरने का डर बना रहता है। इसकी वजह से कई लोग अपने बच्चों को बालकनी में खेलने या किसी काम के लिए भी नहीं भेजते है।
-
मेरे दो छोटे बच्चे हैं। बालकनी के ग्रिल हिलती है, जिसकी वजह से हम लोग अपने बच्चों को बालकनी में अकेला नहीं छोड़ सकते है। इस बारे में कई बार शिकायत बिल्डर के अधिकारियों को दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होता है।
- रचित मलिक, निवासी
सोसाइटी के कई टावर की बालकनियों का प्लास्टर झड़ गया है। यह समस्या पिछले साल भी बनी हुई थी। उसके बाद भी मरम्मत कार्य नहीं करवाया गया। नतीजा बृहस्पतिवार को बालकनी गिर गई।
- राहुल गुप्ता, निवासी
बालकनी गिरने के बाद सोसाइटी के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। अब देखना यह है कि डीटीपी के आदेश के अनुसार डेवलपर काम करवाता है या नहीं।
- धीरज, निवासी