सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी वाहनों की बेतरतीबी से पार्किंग और फुटपाथ पर अतिक्रमण पर शिकंजा नहीं कसा। स्थानीय निकायों ने कार्रवाई के दावे तो किए लेकिन सड़कों पर हर तरफ वाहन और फुटपाथ पर होने वाले अतिक्रमण असलियत बयां कर रही हैं।
भगत सिंह मार्केट में वाहनों की सड़कों पर पार्किंग की जा रही है। लेकिन कार्रवाई न होने की वजह से व्यवस्था और बिगड़ गई है।
शिवाजी स्टेडियम बस टर्मिनल में भी कनॉट प्लेस सर्किल की तरफ वाहनों को पार्क किया जा रहा है। इस वजह से न केवल पैदल चलने वालों को मुश्किलें पेश आ रही हैं बल्कि दुर्घटना होने का भी खतरा बरकरार है।
करोल बाग स्थित अजमल खां रोड पर जिस क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाया है, उसके बाहर मुख्य मार्ग पर फुटपाथ पर कपड़े और जरूरी सामान बेचने के लिए फडिय़ों का कब्जा है। इस मार्ग से पैदल चलने वालों को दुकानदार और ग्राहकों के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
करोल बाग के गुरुद्वारा रोड पर दोनों तरफ भारी संख्या में सड़क पर ही वाहन पार्क किए जा रहे हैं। कोर्ट के आदेश के तहत इन्हें हटाया जाना चाहिए। लेकिन, पार्क किए गए वाहनों की संख्या इतनी अधिक होती है कि हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे क्षेत्र में न तो जाम और ही प्रदूषण की समस्या कम हुई है।