गीता कॉलोनी में लॉकडाउन में फंसे एक शख्स को अपने परिवार की याद सताई, तो परेशान होकर उसने खुद का गला चाकू से काट दिया। पड़ोसियों ने उसके कमरे से बहता हुआ खून देखा, तो मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी नागराज (50) को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गीता कॉलोनी पुलिस ने उसके परिवार को सूचना देकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से चेन्नई निवासी नागराज गीता कॉलोनी के ब्लॉक-5 में किराये पर रहता है। परिवार चेन्नई में ही रहता है। लॉकडाउन से पहले नागराज ब्लॉक-7 स्थित एक रेस्तरां में नौकरी करता था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से रेस्तरां बंद हो गया। इससे नागराज दिल्ली में फंस गया। उसके पास कमरे का किराया और खाने पीने के पैसे भी खत्म हो गए।
उधर, बच्चों की याद में वह काफी परेशान हो गया। बृहस्पतिवार दिन में परेशान नागराज ने चाकू से खुद का गला काट लिया। खून बहकर दरवाजे से बाहर आया तो पड़ोसियों को पता चला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीसीआर वैन की मदद से नागराज को अस्पताल पहुंचाया।