मैक्स और फोर्टिस के बाद अब राजधानी के एक और बड़े अस्पताल पर गंभीर आरोप लगे हैं। पांच साल की बच्ची के पिता ने बीएलके सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए उन्हें संक्रमण से हुई बेटी की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
उनका कहना है कि बच्ची को बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए भर्ती किया गया था। अस्पताल ने बच्ची की शिकायतों पर गौर नहीं किया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। उधर, अस्पताल प्रबंधन ने किसी भी तरह की लापरवाही से इंकार किया है। उसका कहना है कि संक्रमण मरीज के पेट से ही उत्पन्न हुआ था।
मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता इतनी कम हो गई थी कि वह दवाओं के बाद भी संक्रमण से नहीं जीत सकी। पिता का कहना है कि पहले तो डॉक्टरों ने बेटी को संक्रमण होने की बात कही, लेकिन परिजनों ने सवाल जवाब शुरू किए तो चुप्पी साध ली।
वे पूछते रहे कि क्या वे ऑपरेशन करने में सक्षम हैं। पिता के मुताबिक, उन्होंने हमें आश्वस्त किया। बेटी की मृत्यु के बाद जब उन्होंने डॉक्टरों से पूछा कि उन्होंने क्या ऑपरेशन किया था? तो डॉक्टरों ने कह दिया कि वे ऑपरेशन के बारे में नहीं बता सकते।