अरविंद केजरीवाल के बाद गुड़गांव लोकसभा सीट के प्रत्याशी और ‘आप’ के प्रदेश प्रभारी योगेंद्र यादव ने भी भाजपा को वोट देने की पैरवी कर दी। मेवात में रोड शो के दौरान उन्होंने भाजपा को इनेलो से बेहतर विकल्प करार दिया।
उन्होंने कहा कि इनेलो को वोट दिया जाएगा तो वह भाजपा के खाते में जाएगा। इससे बेहतर तो यह होगा कि सीधे-सीधे भाजपा को ही वोट दे दिया जाए।
बता दें कि दो दिन पूर्व अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री के रूप में मायावती की बजाय नरेंद्र मोदी को पसंद बताया था।
मेवात में गुजरात दंगों का जिक्र
रोड शो के दौरान योगेंद्र गुजरात दंगों का जिक्र कर मेवात की जनता को साधने का प्रयास किया। उन्होंने इसके लिए सीधे मोदी को जिम्मेदार बताते हुए उन पर तीखे प्रहार किए।
दो दर्जन से अधिक जगह रोड शो के दौरान उन्होंने कहा कि मोदी प्रधानमंत्री बने तो देश बंट जाएगा। 2002 में गुजरात में कत्लेआम के लिए माफी मांगना तो दूर, मोदी ने अफसोस तक नहीं जताया।
गुजरात के जरिए दिल्ली पर निशाना
दंगों के बाद राहत शिविरों में रहने वाले लोगों का दुख-दर्द जानने तक नहीं गए। उन्होंने कांग्रेस पर गुजरात में मोदी का साथ देने आरोप भी लगाया। उन्होंने राबर्ट वाड्रा के कथित जमीन घोटालों का भी जिक्र किया।
उधर, आप के मेवात संयोजक चौधरी रमजान का कहना है कि भाजपा और इनेलो का अंदरखाने गठबंधन है। इनेलो का वोट भाजपा को ही जाएगा। बड़ा सवाल यह है कि इनेलो के उम्मीदवार का प्रधानमंत्री कौन होगा।