आप संयोजक अरविंद केजरीवाल सात दिनों तक पुलिस हिरासत में रहने के बाद बाहर आ चुके हैं और अब आम आदमी पार्टी दिल्ली में होने वाले चुनाव के मद्देनजर अपना जनाधार वापस पाने के लिए नए सिरे से कवायद करने में जुट गई है।
एक कोर्ट ने जब नितिन गडकरी के खिलाफ पंफलेट बांटने पर बैन लगा दिया तो आप ने उनके खिलाफ मुहिम छेड़ने का एक नया तरीका खोज लिया है।
अब आम आदमी पार्टी उनके खिलाफ अपनी वेबसाइट पर, सोशल मीडिया में, रिकॉर्डेड फोन कॉल के जरिए उनके खिलाफ सबूत पेश कर रही है।
वेबसाइट पर गडकरी के खिलाफ पेश किए दस्तावेज
नितिन गडकरी मानहानि केस के बाद से आप गडकरी का पूरी तरह से पर्दाफाश करने में लग गई है। मंगलवार को आप ने अपनी वेबसाइट पर एक लिंक शेयर की जिसमें गडकरी और उनके सहयोगियों के खिलाफ सबूत पेश करते हुए दिखाया गया था।
इन दस्तावेजों में दिखाया गया था कि गडकरी के चार बहुत करीबी लोग जिनमें उनका ड्राइवर और अकाउंटेंट भी शामिल हैं, कम से कम 26 कंपनियों के डायरेक्टर हैं और वो भी पिछले चार साल के अंदर।
इसमें और भी कई जानकारियां हैं जो पार्टी के फेसबुक पेज पर पढ़ी जा सकती हैं और इसमें एक चैनल का वीडियो लिंक भी है।
मनीष सिसोदिया की आवाज में फोन भी हो रहे हैं
ये मुहिम केवल वेबसाइट तक सीमित नहीं है। केजरीवाल के रिहा होने के बाद आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मनीष सिसोदिया की आवाज में रिकॉर्ड एक कॉल भी लोगों को करना शुरू कर दिया।
इस फोन कॉल में मनीष सिसोदिया की आवाज में संदेश है कि केजरीवाल का हफ्तेभर लंबा संघर्ष सफल रहा। उनका जेल जाना सफल रहा। मीडिया जनता को गुमराह कर रही है और अरविंद के बेल को उनका यू-टर्न बता रही है।
जबकि हाईकोर्ट हमारी बात मान गया और उसने बीजेपी के नेता नितिन गडकरी को एक नोटिस भी भेजा है। केजरीवाल का जेल जाना सफल रहा है और अब भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले किसी भी नागरिक को बेल के लिए बेल बॉन्ड नहीं भरना होगा।