अगर आप फ्लैट खरीदने जा रहे हैं तो बिल्डरों के ऑफर की जगह पड़ताल कर लें, ताकि आपकी गाढ़ी कमाई सही और सुरक्षित प्रोजेक्ट में लगे और समय पर पजेशन मिल सके। दरअसल, नवरात्र शुरू होने से दिवाली तक फ्लैटों की बुकिंग सबसे ज्यादा होने को ध्यान में रखकर बिल्डरों की तरफ से तमाम लुभावने ऑफर दिए जाते हैं।
मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर एक बिल्डर ने नवरात्र में फ्लैट बुक कराने पर शुरू की नौ ईएमआई खुद से भरने का ऑफर दिया है। एक बिल्डर ने एक लाख रुपये के आभूषण देने का ऐलान किया है। इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और फर्नीचर देने के भी ऑफर हैं। इन ऑफरों के पीछे कई सच्चाई भी छिपी रहती हैं। एक बिल्डर कंपनी के प्रवक्ता का कहना है कि अगर कोई बिल्डर आभूषण और कार जैसे ऑफर देता है तो इसका बोझ बिल्डर और आभूषण बनाने वाली कंपनी मिलकर वहन करते हैं। बिल्डर को लाभ में थोड़ी सी कटौती करनी पड़ती है।
बेहतर नहीं होती ऐसे फ्लैटों की लोकेशन
सेवानिवृत्त डीआईजी स्टांप वीडी शर्मा कहते हैं कि आम तौर पर बिल्डर बचे फ्लैट को बेचने के लिए भी तमाम ऑफर देते हैं। ऐसे फ्लैटों की लोकेशन बेहतर नहीं होगी। फ्लैट टॉप फ्लोर पर हो सकता है। फ्लैट की फेसिंग कुछ ऐसी होती है जिसे लोग नहीं पसंद करते हैं। नए प्रोजेक्ट में फेसिंग बहुत स्पष्ट समझ में नहीं आती है। कागजों में बिल्डर दिखा देते हैं। बनने के बाद फेसिंग बदल जाती है। ऐसी तमाम बातें हैं, जो ऑफर के पीछे छिपी रहती हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में चल रहे विवादों को ध्यान में रखते हुए नए प्रोजेक्ट की जगह रेडी टू मूव फ्लैट खरीदना बेहतर है।
बिल्डर बढ़ा देते हैं ऑफर
ऑफर पर खर्च की भरपाई के सवाल पर प्रॉपर्टी विशेषज्ञ संजीव वाष्णेय कहते हैं कि नवरात्र से दिवाली के बीच सबसे ज्यादा फ्लैट बुक होते हैं। इसलिए बिल्डर भी ऑफर बढ़ा देते हैं। प्रोजेक्ट के प्रचार-प्रसार पर साल भर में खर्च होने वाले बजट का 70 फीसदी इसी दौरान खर्च कर देते हैं। ऑफर सीमित समय के लिए होता है। इस कारण बिल्डर पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ता। सिर्फ ऑफर पर निर्णय लेने के बजाय बाकी बातों की जानकारी भी जरूरी है।