- बाहरी-उत्तरी दिल्ली के नरेला की वारदात, सोमवार को इंजीनियर से मिलने आई थी युवती
-मौके पर पहुंची पुलिस पर आरोपी ने बरसाए पत्थर, काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके में मंगलवार तड़के एक इंजीनियर ने कहासुनी के बाद अपनी महिला मित्र को छठी मंजिल से नीचे फेंक दिया। आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले पड़ोसियों ने देखा कि जमीन पर खून से लथपथ एक युवती का शव पड़ा हुआ है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने कपड़े उतारकर अजीबों-गरीब हरकत शुरू कर दी। साथ ही पुलिस टीम पर पत्थर फेंकने लगा। टीम ने उसे काबू कर लिया है। मृतका की शिनाख्त अलीगढ़, यूपी निवासी साधना (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को सूचना दे दी है।
पुलिस ने पटना बिहार के रहने वाले बीटेक इंजीनियर दीपक (32) को हिरासत में ले लिया है। उसका मेडिकल करवाकर उसकी स्थिति जानने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी पुलिस और कानून से बचने के लिए हरकतें कर रहा है। वह बिल्कुल ठीक है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दीपक और साधना के मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पड़ेासियों के भी बयान लिए जा रहे हैं।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि दीपक ने करीब डेढ़-दो माह पहले ही नरेला के मंसा देवी अपार्टमेंट में छठी मंजिल पर किराये का एक फ्लैट लिया है। यहां इसका दोस्त भी साथ रहता है। पिछले कुछ दिनों से इसका दोस्त अपने घर गया हुआ है। पेशे से इंजीनियर दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार को दीपक की महिला दोस्त साधना इससे मिलने के लिए फ्लैट पर पहुंची। रात को वह वहीं पर रुक गई। इस दौरान तड़के किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई जिसके बाद दीपक ने साधना को नीचे फेंक दिया। इसमें साधना की मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है।