पुलिस ने दुकानदारों को प्रमुख बाजार से अतिक्रमण हटाने का शनिवार तक समय दिया है। यदि इस अवधि के दौरान अतिक्रमण नहीं हटाया तो फिर प्रशासन कार्रवाई करेगा। समझौते के बाद दोनों पक्षों ने अपनी शिकायत वापस ले ली है।
दरअसल, शहर के मुख्य बाजार में दुकानदारों के अतिक्रमण करने के कारण चलना दूभर हो गया है। अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार को नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता बाजार पहुंचा। वहां दुकानदार और निगम कर्मचारी उलझ गए।
घटना से नाराज दुकानदारों ने दस्ते के चालक के खिलाफ थाना शहर पुलिस में धमकी देने का आरोप लगाते हुए सामूहिक रूप से शिकायत दी थी। इस शिकायत के मामले में सोमवार को सुबह व्यापारी एकत्र होकर थाना शहर प्रभारी सतबीर सिंह से मिले।
दुकानदारों ने नगर निगम प्रशासन से कहा है कि उसके अधिकारी दुकानदारों को नोटिस दें, जो नहीं हटाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई करे। दुकानदारों और नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी-अपनी शिकायत को खत्म करने के लिए समझौता लिखकर दे दिया।
इस मौके पर इनेलो के ब्लॉक अध्यक्ष ललित कुमार बंसल, निवर्तमान पार्षद राजेंद्र अग्रवाल, कांग्रेस नेता लखन सिंगला, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल, मनीष मित्तल, धर्मपाल यादव, ओम प्रकाश सिंगला प्रमुख रूप से मौजूद रहे। थाना शहर प्रभारी सतवीर सिंह ने बताया कि शनिवार तक दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तो प्रशासन का दस्ता कार्रवाई करेगा।