दुष्कर्म के आरोपी कैब चालक शिव कुमार यादव को तीन दिन के रिमांड के बाद पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। पेशी के दौरान पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रहेगा। आरोपी की सोमवार को पेशी के दौरान छात्रों व सामाजिक संगठनों ने कोर्ट परिसर में प्रदर्शन किया था।
उस दिन कुछ लोगों ने उससे हाथापाई करने की कोशिश भी की थी, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया था। कोर्ट में हड़ताल भी चल रही है तो ऐेसे में मुमकिन है कि पेशी के दौरान बड़ी तादाद में वकील वहां मौजूद हों। आरोपी को तीस हजारी स्थित महानगर दंडाधिकारी अजय कुमार मलिक की कोर्ट में आरोपी शिव कुमार यादव को पेश किया जाएगा।
झूठ बोलने में माहिर है शिव कुमार यादव
कैब रेप कांड का आरोपी शिव कुमार यादव बड़ा छलिया किस्म का इंसान है। यह कहना है यादव से पूछताछ कर रहे पुलिस अधिकारियों का। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘वह ज्यादातर बातें छूपा जाता है और सिर्फ वही बातें स्वीकार करता है जिनके बारे में वह जानता है कि पुलिस को पता होगा। वह झूठ बोलने में माहिर और छलिया है। जब हम उससे उसकी पुरानी करतूतों के बारे में पूछते हैं तो वो हमें समझाने की कोशिश करता है कि जब अपराध हुआ तब तो वह उस जगह था ही नहीं और उसे किसी मामले में सजा नहीं हुई है।
पुलिस को जब यह पता लगा कि यादव रेप और छेड़छाड़ के कम से तीन मामलों में शामिल रहा है तो जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश में जुट गए कि कहीं इसने कैब में इस तरह के और अपराध तो नहीं किए। जब उससे पूछा जाता है तो वह नहीं में सिर हिला देता है। दिल्ली पुलिस ने यूपी पुलिस से यादव के पुरानी करतूतों से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं ताकि यहां उसका मजबूत केस बनाया जा सके। पुलिस अगले दो सप्ताह में उसके खिलाफ चार्जशीट दायर करना चाहती है। उसका पुराना रिकॉर्ड इसमें मदद करेगा।