सीबीएसई बोर्ड के रिजल्ट आने के पहले ही 2.50 लाख से ज्यादा छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। इस बार के रिजल्ट में हाई स्कोर करने वाले छात्रों की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुने के करीब है।
दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने आने वाले छात्रों की पहली पसंद नार्थ कैंपस होता है। यहां सेंट स्टीफेंस कॉलेज, हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, किरोड़ीमल कॉलेज, हंसराज कॉलेज छात्रों के बीच बहुत लोकप्रिय हैं।
राजनीति विज्ञान की पढ़ाई के मामले में हिंदू कॉलेज को सर्वश्रेष्ठ माना जाता है, तो कंप्यूटर साइंस में अपना भविष्य बनाने वाले छात्रों के लिए हंसराज एक मात्र विकल्प दिखाई पड़ता है।
महिला छात्रों की पहली पसंद लेडी श्रीराम कॉलेज होता है। इस कॉलेज से देश-दुनिया की कई बड़ी हस्तियों ने पढ़ाई की है। यही कारण है कि महिलाओं के बीच यह कॉलेज बहुत लोकप्रिय है।
इसके आलावा दौलतराम कॉलेज और मिरांडा हाउस कॉलेज भी बहुत प्रसिद्ध हैं।
आज के व्यापार प्रधान युग में कॉमर्स की पढ़ाई छात्रों की प्राथमिकता में रहती है। कॉमर्स की पढ़ाई छात्रों के लिए अनेक करियर विकल्प प्रदान करती है। यही कारण है कि छात्र इसे हमेशा सर्वश्रेष्ठ कॉलेज से पढ़ने की कोशिश करते हैं।
अगर दिल्ली विश्वविद्यालय में कॉमर्स की पढ़ाई की बात करें, तो श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स उनकी पहली पसंद होता है।
कॉमर्स की पढ़ाई के लिए विख्यात श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने एक वर्ष में अपनी पहली कटऑफ 100 फीसदी निर्धारित कर दी थी। इसे लेकर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन सच्चाई यही है कि देशभर से सर्वश्रेष्ठ छात्रों को आकर्षित करने वाली दिल्ली यूनिवर्सिटी में ऊंचे कट ऑफ के बाद ही प्रवेश मिलता है।
पिछले वर्ष हिंदू कॉलेज में पॉलिटिकल साइंस के लिए पहली कट ऑफ 99 फीसदी थी। लेडी श्रीराम कॉलेज में इंग्लिश की कटऑफ 97.75 फीसदी थी तो श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में इकॉनोमिक्स की कटऑफ 98.75 फीसदी थी।