जल्द ही शहर के स्कूलों की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं। इन छुट्टियों में मस्ती करने के लिए लोग अपने परिवार के साथ बाहर जाने का प्रोग्राम भी बनाने लगे हैं। इस दौरान वे अपने पालतू कुत्ते के लिए सेफ घर ढूंढ रहे हैं।
इस वजह से इन दिनों डॉग हाउसों की मांग बढ़ गई है। इसके तहत कुछ डॉग बोर्डिंग संचालकों ने एडवांस बुकिंग भी शुरू कर दी है। गर्मी की छुट्टी को देखते हुए संचालकों ने कुत्ते को रखने की फीस भी बढ़ा दी है। जहां पहले 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से फीस ली जा रही थी, वहीं अब 350 रुपये के हिसाब से फीस ली जा रही है।
सेक्टर-104 स्थित डॉग बोर्डिंग संचालक करन ने बताया कि गर्मियों की छुट्टी के दौरान पालतू कुत्तों के लिए बोर्डिंग की डिमांड बढ़ गई है। यहां पर कुत्तों को घर जैसा माहौल मिलता है। उन्हें घर जैसा ही खाना-पीना दिया जाता है।
इसलिए यहां पर 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से डॉग बोर्डिंग में फीस ली जा रही है। वहीं सुविधाओं के नाम पर भी फीस बढ़ सकती है। हम लोग एक बार में 10 से 12 डॉग रखते हैं। उससे ज्यादा रखने पर दिक्कत शुरू हो जाती है। बोर्डिंग में सिर्फ डॉग को रखना नहीं होता है। उसकी पूरी देखभाल करनी होती है। अगर कुत्ते को लंबे समय तक बोर्डिंग हाउस में रखते हैं तो 250 रुपये के हिसाब से फीस ली जाएगी।
वहीं सेक्टर-50 डॉग बोर्डिंग संचालक रचना सेन ने बताया कि मैं सिर्फ एक ही कुत्ते को अपने पास रखती हूं। क्योंकि मुझे कुत्ते रखने का बहुत शौक है। इस दौरान बहुत लोग घूमने के लिए जा रहे हैं, इसलिए अपने कुत्ते यहां छोड़ने के लिए आ रहे हैं।
लेकिन मेरे पास छोड़ने के लिए एडवांस बुकिंग करानी पड़ती है। कुत्ते की उम्र और उसके साइज के अनुसार फीस ली जाती है। कम से कम 350 और अधिकतम 650 रुपये फीस है। अगर बोर्डिंग में कुत्ता नहीं होता है तो तोता व अन्य पक्षियों को रखते हैं।
सेक्टर- 70 डॉग बोर्डिंग हाउस संचालक लक्ष्मीनारायण ने बताया कि हम लोग बोर्डिंग में कुत्तों को बिल्कुल घर जैसा माहौल देते हैं। उनको तीन टाइम घूमाते हैं और उनके मनपसंद खाने को देते हैं। सिर्फ कुत्ता ही नहीं बिल्ली को भी रखते हैं। उसके लिए 350 रुपये फीस है। अगर ज्यादा दिन रखते हैं तो उसकी फीस 250 रुपये से शुरू हो जाती है।