मई में घोषित बारहवीं के नतीजों में 1, 63, 800 छात्रों की कंपार्टमेंट आई थी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 28 जुलाई को आयोजित होने वाली सप्लीमेंट्री (कंपार्टमेंट) परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। नियमित छात्रों को स्कूल एडमिट कार्ड बोर्ड के परीक्षा संगम पोर्टल से डाउनलोड करके उपलब्ध कराएंगे। जबकि प्राइवेट छात्र अपने आवश्यक विवरण दर्ज कर निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। मालूम हो कि 90 विषयों के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा एक ही दिन होगी। मई में घोषित बारहवीं के नतीजों में 1, 63, 800 छात्रों की कंपार्टमेंट आई थी।
सीबीएसई ने एडमिट कार्ड के संबंध में एक सर्कुलर जारी कर नियमित (रेगुलर) और निजी (प्राइवेट) छात्रों के लिए एडमिट कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया स्पष्ट की है। बोर्ड के अनुसार, स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड कर प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर और स्कूल की मुहर लगाने के बाद संबंधित विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएं।
वहीं, निजी छात्रों को अपने आवश्यक विवरण दर्ज कर निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। ऐसे छात्रों को परीक्षा में शामिल होने से पहले अपने एडमिट कार्ड पर अंतिम अध्ययन किए गए स्कूल के प्रधानाचार्य अथवा परीक्षा केंद्र के केंद्र अधीक्षक के हस्ताक्षर एवं मुहर भी अनिवार्य रूप से करवानी होगी। बोर्ड ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड प्राप्त करें, उस पर आवश्यक हस्ताक्षर एवं मुहर सुनिश्चित करें और निर्धारित तिथि पर परीक्षा केंद्र में उपस्थित हों।
परीक्षा सुबह 10:30 बजे से 1:30 बजे तक और कुछ विषयों के लिए सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं ले जा सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए छात्रों को सप्लीमेंट्री परीक्षा में भी अतिरिक्त 15 मिनट का समय मिलेगा।