अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक प्रोग्राम के दाखिले बारहवीं से करने के लिए चार अन्य कॉलेजों को मंजूरी दी है। इस तरह से कुल 15 कॉलेज स्नातक के दाखिले से सीयूईटी स्कोर से नहीं बारहवीं के अंकों से कर रहे हैं। पहले केवल दो कॉलेजों की ओर से यह विकल्प खोला गया था, उसके बाद नौ अन्य कॉलेजों को मंजूरी दी गई। अब चार अन्य कॉलेजों के लिए दाखिला विंडो खोल दी गई है। इन कॉलेजों में बीए प्रोग्राम और बीएससी ऑनर्स की सीटें ज्यादा खाली हैं।
देशबंधु कॉलेज ने बीए ऑनर्स संस्कृत, बीएससी अप्लाइड फिजिकल साइंसेज विद इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, बीएससी फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री में सीटें खाली हैं। इसके लिए कॉलेज ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 28 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं और एक सितंबर को दाखिले के लिए मेरिट जारी की जाएगी। वहीं माता सुंदरी कॉलेज में बीए ऑनर्स हिंदी, बीए ऑनर्स पंजाबी, बीए ऑनर्स संस्कृत, बीए ऑनर्स फिलॉसफी में बारहवीं के अंकों से दाखिला लिया जा सकता है। वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स में बीएससी ऑनर्स होम साइंस, बीएससी प्रोग्राम होम साइंस में सीटें खाली हैं। माता सुंदरी कॉलेज में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और 24 अगस्त तक गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मेरिट लिस्ट 24 अगस्त को जारी की जाएगी। वहीं शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ अप्लाइड साइंसेज फॉर वूमेन में बीएससी ऑनर्स इलेक्ट्रॉनिक्स, बीएससी ऑनर्स इंस्ट्रूमेंटेशन, बीएससी ऑनर्स फिजिक्स, बीएससी ऑनर्स केमिस्ट्री में भी सीटें खाली हैं और आवेदन प्रक्रिया रविवार तक चलेगी। 24 अगस्त को कॉलेज मेरिट लिस्ट जारी कर देगा।