-नेट श्रेणी की वाइवा परीक्षा को कर दिया गया था स्थगित
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी दाखिला प्रक्रिया अधर में अटकी हुई है। नेट स्कोर/परसेंटाइल की वैधता अवधि के संबंध में स्पष्टीकरण न आने की वजह से अभी तक दाखिला प्रक्रिया दोबारा से शुरू नहीं हो सकी है। विश्वविद्यालय ने 28 अक्तूबर से वाइवा परीक्षा को स्थगित कर रखा है। छात्र दाखिला प्रक्रिया के शुरू होने का इंतजार कर रहे है। जेएनयू छात्र संघ के महासचिव सुनील यादव ने बताया कि वर्ष 2025 के यूजीसी नेट स्कोर के आधार पर दाखिला के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को वाइवा परीक्षा के लिए आमंत्रित नहीं किया गया था। जबकि दाखिला प्रॉस्पेक्टस में वर्ष 2025 नेट स्कोर वालों को भी योग्य बताया गया था। लेकिन दाखिला प्रक्रिया के देरी से शुरू होने के चलते वर्ष 2025 वाले उम्मीदवारों को नेट स्कोर मान्य नहीं हुआ। जबकि वर्ष 2026 वाले उम्मीदवारों को वाइवा परीक्षा के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा कि अभी तक यूजीसी और एनटीए से इस संबंध में स्पष्टीकरण नहीं मिला है। जिस वजह से दाखिला प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। उम्मीद है कि जल्द स्पष्टीकरण आने पर दाखिला प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। इस संबंध में प्रशासन को भी गुहार लगाई जा चुकी है। इसके अलावा एससी और एसटी श्रेणी की कुछ सीटों में आरक्षण नियमों के उल्लंघन को लेकर भी विरोध है।