विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला पहुंचा राजनिवास
दिल्ली भाजपा के छह सांसद भी राजधानी के मौजूदा सियासी विवाद में कूद पड़े हैं। भाजपा सांसदों ने बुधवार को उपराज्यपाल को शिकायत पत्र भेजकर विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े आप के आरोपों की जांच कराने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री सिसोदिया समेत दूसरे आप नेताओं के आरोपों की फॉरेंसिक जांच कराने के साथ नार्को टेस्ट भी कराने की मांग की। उपराज्यपाल को भेजे गए पत्र पर भाजपा सांसद डॉ. हर्षवर्धन, मीनाक्षी लेखी, मनोज तिवारी, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी और हंसराज हंस के दस्तखत हैं। विदेश में होने से गौतम गंभीर के दस्तखत नहीं हो सके। भाजपा सांसदों ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत आप के आरोपों को भ्रामक व झूठा बताया। साथ ही आरोप लगाया कि आप आबकारी नीति घोटाले से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा पर सरकार गिराने का आरोप
विपक्ष की गैरमौजूदगी में आप विधायक आतिशी, दुर्गेश पाठक व कुलदीप ने भाजपा पर राज्यों में विपक्षी दलों की सरकार गिराने का आरोप लगाया। इनका कहना था कि चुनाव में एक भी विधायक जीतकर नहीं आने के बावजूद भाजपा विपक्षी दलों के विधायकों कोखरीदकर अपनी सरकार बना रही है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। वहीं, केंद्र सरकार अपने पूंजीपति दोस्तों का कर्ज माफ जनता के पैसे से कर रही है। आप विधायकों ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की। इसी बीच हंगामा करते हुए आप विधायक वेल में आ गए। हंगामा बढ़ने पर करीब 12:30 बजे सदन की कार्यवाही बृहस्पतिवार तक के लिए स्थगित कर दी।