नवरात्र में मंदिरों में दर्शन के लिए रात्रि में डीटीसी की बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। डीटीसी प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है। मंदिरों में दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों की भीड़ को परेशानी से बचाने के लिए कुछ रूटों पर बसों को बढ़ाया जाएगा।
डीटीसी प्रबंधन के मुताबिक, शरदीय नवरात्र में छत्तरपुर, झंडेवालान, कालकाजी और माता के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचती है। 29 सितंबर से 8 अक्तूबर तक श्रद्धालुओं की सुविधानुसार छत्तरपुर मंदिर और झंडेवालान मंदिर के लिए रूट संख्या 450 और 516 पर शाम के समय अतिरिक्त विशेष बसें चलाई जाएंगी।
महरौली छत्तरपुर मंदिर, कालकाजी मंदिर व झंडेवालान मंदिर में यात्रियों की सुविधा एवं सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की भी आवश्यकतानुसार तैनाती की जाएगी। नवरात्र में अधिकतर श्रद्धालु रात्रि के समय मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए जाते हैं। इसलिए मुख्य मंदिरों के रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
डीटीसी प्रबंधन का कहना है कि रात के समय रूटों पर बसों की संख्या कम कर दी जाती है, लेकिन नवरात्र में सभी मुख्य मंदिरों के रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे यथावत रहेंगे।