-जल बोर्ड ने 1025 बकाएदार की पहचान की, 30 अगस्त बिल की अंतिम तिथि
-होटल, अस्पताल, स्कूल, मॉल, फैक्ट्री और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड ने राजस्व बढ़ाने व बकाएदारों पर नकेल कसने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 25 लाख रुपये या उससे अधिक का बकाया पानी बिल रखने वाले सभी व्यावसायिक उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब तक 1025 बकाएदार की पहचान की जा चुकी है, जिनमें होटल, अस्पताल, स्कूल, मॉल व फैक्ट्रियां शामिल हैं।
जल बोर्ड ने घरेलू बकाएदारों के लिए 15 अगस्त व व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 30 अगस्त तक पूरा बकाया जमा करने की अंतिम तिथि दी है। तय तिथि तक भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने, संपत्ति सील करने व कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि बकाया वसूली से मिलने वाला राजस्व दिल्ली में जलापूर्ति, पाइपलाइन मरम्मत व नई योजनाओं में इस्तेमाल किया जाएगा। जल बोर्ड ने सभी जोनल अधिकारियों को फील्ड वेरिफिकेशन व वसूली अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अनावश्यक कार्रवाई व जुर्माने से बचने के लिए समय पर बिल जमा करने की अपील की है।