अमरोहा के चौकूनी गांव की गोशाला में गोवंशों के अवशेष मिलने और बदहाली सामने आने के बाद दो केयर टेकर हटा दिए गए हैं। एनजीओ संचालक को नोटिस जारी किया गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर अनुबंध निरस्त कर ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी है, जबकि ग्राम पंचायत सचिव पर भी कार्रवाई होगी।
अमरोहा जिले के चौकूनी गांव स्थित गोशाला में गोवंशों के अवशेष मिलने और भारी बदहाली के मामले में कार्रवाई की गई है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा दत्त ने गोशाला व्यवस्था में तैनात चार में से दो केयर टेकरों को हटा दिया है। बताया जा रहा है कि लापरवाही बरतने पर बचे हुए दो केयर टेकरों को भी जल्द ही हटाया जाएगा।
विज्ञापन
प्रशासनिक जांच में गोशाला संचालन में घोर लापरवाही पाए जाने पर एनजीओ संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों का समय दिया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर एनजीओ का अनुबंध निरस्त कर ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी है। इसके अलावा, गोशाला की देखरेख में ढिलाई बरतने को लेकर खंड विकास अधिकारी द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की फाइल तैयार की जा रही है।
गौरतलब है कि मंगलवार को गोशाला के पास गोवंशों के अवशेष मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में जमकर हंगामा किया था। इसके बाद एसडीएम हिमांशु उपाध्याय के निरीक्षण में गंदगी, सूखे भूसे का प्रयोग, बंद पंखे-सीसीटीवी और पानी का अभाव जैसी गंभीर खामियां उजागर हुई थीं।