संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-81 स्थित डीएलएफ द अल्टीमा के समीप सरकारी जमीन पर संचालित एक अवैध कार गैरेज को हटा दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार, गैरेज बिना किसी वैध अनुमति के सरकारी भूमि पर चलाया जा रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
गैरेज के बाहर बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाते थे। इससे आए दिन जाम लग जाता था जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की थी। मामला सीएम विंडो तक पहुंचने के बाद निगम ने जांच कर कार्रवाई की।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण व सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को हटाया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इस अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीओ शशिकांत, एसडीओ विकास शर्मा, जेई जयबीर, जेई देवेंद्र, नगर निगम की प्रवर्तन टीम तथा पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधि किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।