संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में बाजारों की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सेंट्रल रेंज ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कोतवाली ट्रैफिक सर्किल के तहत एचसी सेन मार्ग, बुलेवार्ड रोड, हैमिल्टन रोड और लथियन रोड पर की गई कार्रवाई के दौरान 121 चालान किए गए। साथ ही 64 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं, सार्वजनिक रास्तों पर बाधा बन रहे 23 सामान जब्त किए गए और दो वाहनों को पाबंद किया गया।
इन मार्गों से सेंट्रल दिल्ली के प्रमुख बाजारों तक बड़ी संख्या में वाहन चालक और पैदल लोग पहुंचते हैं। सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी लगाने और सामान फैलाने से यातायात बाधित होता है। इसका असर आसपास की सड़कों पर भी पड़ता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
डीसीपी ट्रैफिक सेंट्रल रेंज के. रमेश ने बताया कि त्योहारी सीजन में प्रमुख बाजारों की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखना प्राथमिकता है। अतिक्रमण करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने रेहड़ी-पटरी संचालकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य बाजारों के आसपास यातायात का दबाव कम करना और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाना है।