अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ बृहस्पतिवार को भी नगर निगम का अभियान जारी रहा। अभियान के चौथे दिन जोन-2 क्षेत्र में 103 फ्लैटों सहित दो दुकानों को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
नगर निगम की संयुक्त आयुक्त-2 अनु श्योकंद के नेतृत्व में डीटीपी संजीव मान व इंफोर्समेंट टीम के सदस्यों ने जोन-2 क्षेत्र के साईं कुंज, साहिब कुंज और गंगा विहार कॉलोनियों में अनाधिकृत बनाए जा रहे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान अनाधिकृत रूप से बिक्री के लिए बनाए जा रहे 103 फ्लैटों व दो दुकानों को सील किया गया है। निगम अधिकारियों के मुताबिक सोमवार से शुरू की गई कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अनाधिकृत निर्माणों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने कहा कि नगर निगम से बिल्डिंग प्लान स्वीकृत कराए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण करना गलत है। इसके लिए संबंधित निर्माण को सील करने, तोड़ने व ऐसा करने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ व्यक्ति नगर निगम से बिना स्वीकृति प्राप्त किए अनाधिकृत रूप से फ्लैट या मकान बनाकर उनकी बिक्री कर रहे हैं। ऐसे लोगों की सूची नगर निगम द्वारा तैयार की गई है। जिनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कार्रवाई के अंजाम दे रहे अधिकारियों का हौसला बढ़ाया कहा कि कार्रवाई के दौरान वह किसी के दबाव में नहीं आएं। अगर कोई व्यक्ति कार्रवाई को रोकने या उसमें व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं।