आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त ऊषा रंगनानी ने बताया कि रविवार रात करीब 10.49 बजे कॉल मिली कि मैने एयरपोर्ट के ग्राउंड में बम लगा दिया है। खबर मिलते ही फौरन पुलिस व सुरक्षा बल एक्टिव मोड में आ गए। पूरे एयरपोर्ट की तलाशी शुरू हो गई। कई घंटे की तलाशी के बाद एयरपोर्ट से कुछ नहीं मिला। बॉद में कॉल को हॉक्स करार दे दिया गया। पुलिस ने कॉल की तलाश शुरू की।
मोबाइल नंबर की पड़ताल करने पर पता चला कि नंबर किसी कुशाग्र अग्रवाल नामक युवक के नाम पर जारी हुआ है। वह परिवार के साथ डाबड़ी मोड़, जनकपुरी में रहता है। पुलिस की टीम वहां पहुंची तो आरोपी अपने घर से गायब मिला। काफी प्रयास के बाद आरोपी को दबोच लिया गया। युवक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कुछ दिनों पूर्व उसने एयरपोर्ट पर बम रखने की झूठी कॉल करने की खबर पढ़ी थी। यहीं से मशहूर होने के लिए उसके दिमाग आइडिया आया और उसने झूठी कॉल कर दी।