आरोपी विजय कुमार ने गांव की पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए ट्रक चालक प्रेम व हेल्पर संजय की हत्या कर दी थी और शवों को ट्रक में ही छोड़ दिया था। आरोपी ने वारदात को चोरी की दिखाने की कोशिश की थी।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले को गिरफ्तार किया है। आरोपी विजय कुमार ने गांव की पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए ट्रक चालक प्रेम व हेल्पर संजय की हत्या कर दी थी और शवों को ट्रक में ही छोड़ दिया था। आरोपी ने वारदात को चोरी की दिखाने की कोशिश की थी। आरोपी कोविड काल में जमानत मिलने के बाद से फरार चल रहा था। अदालत ने उसे मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई हुई है।
विज्ञापन
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमित गाेयल के अनुसार शाखा की चाणक्यपुरी अंतरराज्यीय सेल में तैनात इंस्पेक्टर पंकज मलिक की टीम भगोड़ा बदमाशों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान टीम को दोहरे हत्याकांड के दोषी बदमाश गांव जटवारी, तहसील छाता, थाना शेरगढ़, मथुरा (यूपी) निवासी विजय कुमार उर्फ विजय(45) के बारे में सूचना मिली। सूचना के बाद एसीपी रमेश चंद्र लांबा व इंस्पेक्टर पंकज मलिक की देखरेख में विजय को अलवर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अदालत ने उसे केशवपुरम में हुए दोहरे हत्याकांड में दोषी ठहराया था।
बदमाशों ने छात्र व दोस्तों पर चलाई गोली
मंगोलपुरी इलाके में बदमाशों ने दसवीं कक्षा के छात्र और उसके दोस्तों पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। आरोपी हवा में गोली चलाते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित छात्र अपने दोस्तों के साथ गली में बात कर रहा था। छात्र की शिकायत पर पुलिस ने गोली चलाकर दूसरे की जान सांसत में डालने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
विज्ञापन
16 साल का किशोर परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहता है। वह इलाके के ही एक सरकारी स्कूल में ओपन से दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि शनिवार रात वह अपने ममेरे भाई और दो अन्य दोस्तों के साथ घर से कुछ दूरी पर गली में बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गली में पांच युवक आए। जिसमें एक के हाथ में पिस्टल था। उसने उनकी तरफ पिस्टल कर गोली चला दी। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर किशोर की मां वहां पहुंच गई। फिर मां के कहने पर किशोर ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसके पिता ने पुलिस को फोन कर घर के पास गोली चलने की सूचना दी।