दक्षिण-पूर्वी जिले के गोविंदपुरी थाना इलाके में मां शारदा साहू (38) और बेटा खुशहाल (13) की बुधवार देर रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। मां के शरीर पर चाकू से 10 से ज्यादा व बेटे के शरीर पर 8 से ज्यादा चाकू के घाव मिले। घर से नकदी व गहने गायब मिले।
दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेमंत तिवारी ने बताया घटना की सूचना रात एक बजकर 11 मिनट पर मिली। फल व सब्जियां बेचने का काम करने वाले शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला स्थित ग्राम अडौली, पोस्ट उजियानी निवासी विष्णु साहू रात करीब साढ़े 12 बजे जब घर पहुंचे तो मेन गेट बाहर से बंद मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर उनके होश उड़ गए। पत्नी शारदा और बेटे खुशहाल का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उनके शरीर पर चाकू से काफी निशान थे और दोनों की मौके पर मौत हो चुकी थी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया था कि घर की अलमारियों से कुछ नकदी और आभूषण गायब थे। ऐसे में अंदेशा है कि लूटपाट के मकसद से हत्या की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने और साक्ष्य जुटाने के लिए अपराध शाखा व फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। पुलिस ने हत्या और लूटपाट आदि धाराओं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, विष्णु के भाई दिनेश ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके भाई विष्णु ने पांच-पांच लाख रुपये की दो कमेटियां छुड़ाई थीं। आरोपी भाई की पत्नी व बेटे की हत्या कर घर से नकदी व गहने ले गए।
विष्णु जब घर पहुंचा तो अंदर लाइट जल रही थी और टीवी चल रही थी। थोड़ी देर बाद उन्होंने पाया कि दरवाजे पर तो बाहर कुंडी लगी है। कुंडी खोलकर वे अंदर गए। किचन में पत्नी व बेटे का शव खून से लथपथ शव देख सन्न रह गए। गोविंदपुरी में ही गली नंबर 12 में रहने वाली बड़ी बहन गुड़िया को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।