गाजियाबाद की मोदीनगर थाना पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद रंगदारी मांगने के मामले में काजमपुर से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से अपाचे बाईक, तीन मोबाईल, अवैध असलहा और डमी पैसे भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे देव बिहार निवासी सूरजपाल ने उन्हें फोन पर शिकायत की थी कि कुछ अज्ञात बदमाश उससे सात लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और पैसे न देने पर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे पैसे लेकर बुधवार दोपहर एक बजे काजमपुर मोड़ पर बुलाया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई, जिसके तहत उन्होंने बैग में उपर असली और अंदर नकली नोट भर कर शिकायतकर्ता कारोबारी को बुलाई गई जगह पर भेजा।
वहां बाइक सवार दो बदमाशों ने कारोबारी से पैसे का बैग लिया और भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया वहीं बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बाइकसवार बदमाश पैर में गोली लगने के कारण घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।